Tuesday, October 20th, 2026

विधायक और पूर्व विधायक को मिल धमकी भरे पत्र, एक ही बदमाश की करतूत!


भोपाल
उदयपुरा के विधायक देवेंद्र सिंह पटेल और पूर्व विधायक भगवान सिंह राजपूत को मिले धमकी के साथ फिरौती मांगने वाले पत्र में एक ही व्यक्ति की हैंडराईटिंग का शक रायसेन पुलिस को है। दोनों ही पत्र एक ही रंग की स्याही से लिखे गए हैं। गौरतलब है कि विधायक देवेंद्र सिंह पटेल को 29 जनवरी को फिरौती के लिए पत्र मिला था, जबकि भगवान सिंह राजपूत को चार दिन पहले यह पत्र मिला है। दोनों ही कांग्रेस से जुड़े हुए नेता है।
रायसेन पुलिस ने आरोपी की तलाश में बरेली शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन इसमें आरोपी का चेहरा साफ दिखाई नहीं दे रहा है। हालांकि आरोपी की कद काठी और वाहन दिखाई दिया है। इसके आधार पर पुलिस ने शहर के लोगों से आरोपी के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी को कोई पहचान नहीं सका। पुलिस को आशंका है कि दोनों ही पत्र एक ही व्यक्ति ने लिखे हो सकते हैं। वहीं पुलिस को यह भी आशंका है कि आरोपी बरेली का रहने वाला नहीं है।

पत्र में लिखा- मुंबई में बहुत कांड किए हैं...
जानकारी के मुताबिक पत्र में लिखा गया है कि मैं शंकर बिहारी, बिहास स्टेट से लिख रहा हूं। मैंने मुंबई में बहुत कांड किए हैं। अपराधी ने रकम पहुंचाने की जगह भी पत्र में लिखी है। अपराधी ने रकम वात्सल्य स्कूल के पास जमीन में गाड़कर लाल झंडी का निशान लगाने की बात पत्र में लिखी है। पैसा 9 फरवरी को ही पहुंचाए जाने का जिक्र भी पत्र में है। बावजूद इसके इस बात का खुलासा 14 फरवरी को हुआ।

अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
इधर, पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी पर आईपीसी की धारा 385 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसडीओपी अशोक घनघोरिया का कहना है कि 29 जनवरी को एक अज्ञात व्यक्ति विधायक के घर पत्र छोड़कर गया था, जिसमें 1 करोड़ रुपए ना देने पर विधायक पुत्र को जान से मारने की धमकी दी गई है।

 

 

Source : Agency

पाठको की राय